बिहार इंटर रिजल्ट 2026: त्रिवेणीगंज की नेहा जिला टॉपर, राघोपुर के हेमंत दूसरे स्थान पर; दोनों की सफलता से सुपौल में खुशी की लहर

बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में सुपौल जिले के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल की। त्रिवेणीगंज की नेहा कुमारी कला संकाय में जिला टॉपर बनीं, जबकि राघोपुर के हेमंत कुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। दोनों की उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

Report: A.K Chaudhary

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में सुपौल जिले के दो होनहार विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

त्रिवेणीगंज प्रखंड क्षेत्र के भुरा गांव निवासी व्यवसायी विजय चौधरी की पुत्री नेहा कुमारी ने कला संकाय से 471 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। नेहा की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नेहा के माता-पिता दिल्ली में रहकर व्यवसाय करते हैं और फिलहाल वहीं हैं।

नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अंकल तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों, विशेष रूप से अभिनंदन सर को दिया है। उसने अपनी 12वीं की पढ़ाई सत्यदेव हाई स्कूल, पिपरा से पूरी की है और आगे चलकर व्यवसाय प्रबंधन की तैयारी करना चाहती है।

वहीं राघोपुर प्रखंड के हरावत राज्य माध्यमिक विद्यालय के छात्र हेमंत कुमार राज ने कला संकाय से 465 अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद हेमंत ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादे और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। हेमंत की इस स्वर्णिम सफलता के पीछे उनके परिवार का संघर्ष और त्याग छिपा है। उनकी माता रिंकी कुमारी आंगनबाड़ी सेविका हैं, जबकि पिता छोटी सी किराना दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

बेटे की सफलता पर माता-पिता की आंखें खुशी से नम हो गईं और उन्होंने मिठाई खिलाकर बेटे का उत्साह बढ़ाया। हेमंत की दादी राधा गुप्ता ने भावुक होकर बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई में बेहद तेज रहा है। उसकी प्रारंभिक शिक्षा डॉ. राजेंद्र पब्लिक स्कूल में हुई, जहां शिक्षकों ने उसकी शैक्षणिक नींव मजबूत बनाई। हेमंत ने 10वीं की परीक्षा में भी डिस्टिंक्शन के साथ स्कूल टॉप किया था। इसके बाद 12वीं में जिला स्तर पर टॉपर बनकर उसने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की।

अपनी सफलता पर हेमंत कुमार ने कहा, “मेरी इस सफलता का श्रेय मेरे माता-पिता के त्याग और गुरुजनों के सही मार्गदर्शन को जाता है। मैंने हमेशा निरंतरता पर भरोसा किया। मेरा लक्ष्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश की सेवा करना है।”

हरावत राज्य माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक महानन्द पांडेय ने कहा कि हेमंत एक अनुशासित और जिज्ञासु छात्र है, जिसकी एकाग्रता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर जिला टॉपर बनना अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है और विद्यालय परिवार को उस पर गर्व है।

वहीं डॉ. राजेंद्र पब्लिक स्कूल के प्राचार्य राजेश आर्या ने कहा कि हेमंत की प्रारंभिक शिक्षा के दौरान ही उसके उज्ज्वल भविष्य के संकेत मिल गए थे। उसका बुनियादी ज्ञान हमेशा स्पष्ट रहा है। आज उसकी मेहनत रंग लाई है, जो विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है।

नेहा और हेमंत की इस उपलब्धि से पूरे सुपौल जिले में खुशी की लहर है। दोनों विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और परिवार व शिक्षकों के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।

Leave a Comment