सुपौल: उत्पाद विभाग की कार्रवाई, पिपरा इको स्पोर्ट कार से 404 लीटर विदेशी शराब व बियर बरामद, तस्कर फरार

सुपौल में उत्पाद विभाग की टीम ने पिपरा के पास NH-327E पर पीछा करने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त इको स्पोर्ट कार से 404 लीटर विदेशी शराब और बियर बरामद की। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए। मामले में आगे की जांच जारी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिहार उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने एक इको स्पोर्ट कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बियर बरामद की है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम ने शराब जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पश्चिम बंगाल से शराब की एक बड़ी खेप इको स्पोर्ट कार के माध्यम से लाई जा रही है, जो अररिया के रास्ते मधेपुरा पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही विभाग ने विभिन्न संभावित मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू कर दी। बावजूद इसके, तस्कर उत्पाद विभाग की टीम को चकमा देते हुए वाहन को पिपरा क्षेत्र तक ले जाने में सफल रहे।

इसी दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने देखा कि एक संदिग्ध इको स्पोर्ट कार तेज रफ्तार से पिपरा से सुपौल की ओर बढ़ रही है। शक के आधार पर पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू किया। बताया गया कि लिटियाही के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 327E पर भाग रही तस्करों की कार ने उत्पाद विभाग की गाड़ी में टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला टायर फट गया।

दुर्घटना के बाद तस्कर अंधेरे और अफरातफरी का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया और उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बियर बरामद की गई। जब्त वाहन को उत्पाद विभाग कार्यालय, सुपौल लाया गया, जहां विधिवत माप-तौल करने पर कुल लगभग 404 लीटर शराब बरामद हुई। इसमें करीब 324 लीटर विदेशी शराब और 80 लीटर बियर शामिल है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी को क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

मामले में अशोक कुमार, उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त इको स्पोर्ट कार के मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल उत्पाद विभाग ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment