सुपौल में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 250 बोतल देशी शराब बरामद, महिला तस्कर गिरफ्तार

सुपौल के सुरजापुर में मद्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने छापेमारी कर 250 बोतल अवैध देशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्य निषेध विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार की रात मद्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस टीम ने प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुरजापुर वार्ड संख्या-8 में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक घर से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की। कुल 250 बोतल ‘दिलवाले’ ब्रांड की देशी शराब जब्त की गई, जिसे अवैध रूप से संग्रहित कर बिक्री की तैयारी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान मौके से एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जो इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाई गई।

मामले की जानकारी देते हुए मद्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पुलिस को सुरजापुर में अवैध शराब के भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई, जिसमें यह सफलता मिली। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Comment