रामनवमी पर गणपतगंज में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, जय श्रीराम के नारों से गूंजा पूरा क्षेत्र

राघोपुर प्रखंड के गणपतगंज में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जय श्रीराम के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और कड़ी सुरक्षा के बीच यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड के गणपतगंज में रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को भव्य और विराट शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा बजरंगबली मंदिर प्रांगण से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई और नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई।

यह शोभायात्रा बजरंगबली मंदिर से निकलकर गणपतगंज मैन चौक, एनएच-106 होते हुए पिपरा रोड, किशनपुर मोड़, मारवाड़ी टोला, दुर्गा मंदिर रोड, अस्पताल के सामने गली होते हुए गर्ल्स स्कूल रोड तक पहुंची। जहां पुनः एनएच-106 के रास्ते गणपतगंज मुख्य बाजार होते हुए दुर्गा मंदिर रोड के रास्ते बजरंगबली मंदिर प्रांगण पहुंचकर समाप्त हुई।

शोभायात्रा में महिला, पुरुष और बच्चों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों और भगवा ध्वजों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

रामभक्ति गीतों पर युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। जैसे-जैसे शोभायात्रा विभिन्न गलियों से गुजरती गई, स्थानीय लोग भी उत्साहपूर्वक इसमें शामिल होते गए, जिससे यात्रा का स्वरूप और भी विशाल होता गया।

इस दौरान रथ पर सवार भगवान राम और माता सीता की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शर्बत आदि की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को काफी सहूलियत मिली।

महिलाओं में भी शोभायात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में महिलाएं घरों से निकलकर शोभायात्रा में शामिल हुईं और श्रद्धा के साथ भागीदारी निभाई।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शोभायात्रा के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुवेश कुमार एवं प्रखंड उन्नयन पदाधिकारी कुसुम यादव तैनात रहे।

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय अपने दर्जनों पुलिस बलों के साथ पूरी यात्रा में मुस्तैद रहे। इसके अलावा एसडीएम नीरज कुमार और डीएसपी सुरेंद्र कुमार भी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।

शोभायात्रा के समापन के बाद बजरंगबली मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ व महा आरती का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन ने गणपतगंज क्षेत्र में धार्मिक एकता और उत्साह का अद्भुत संदेश दिया।

Leave a Comment