Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत डुमरी स्थित मध्य विद्यालय में सोमवार को अभिभावक सह शिक्षक संगोष्ठी एवं वार्षिक मूल्यांकन सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनील कुमार देव तथा विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार चौधरी तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय डुमरी के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुमन कुमार ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, छात्रों की प्रगति और अभिभावकों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। संगोष्ठी में अभिभावकों ने भी अपने सुझाव रखे और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग देने का संकल्प लिया। वार्षिक मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इससे छात्रों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनील कुमार देव ने कहा कि अभिभावक और शिक्षक के बीच बेहतर समन्वय ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस तरह के कार्यक्रम न केवल छात्रों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि अभिभावकों को भी शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने छात्रों से मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की अपील की तथा शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर दिया। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई पर नियमित ध्यान दें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए नियमित उपस्थिति, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।







