News Desk Supaul:
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में होटल में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। शुक्रवार को दोपहर करीब 3 बजे जिला स्तरीय धावा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पंचायत सिमराही स्थित लक्की रायजी होटल में काम कर रहे एक नाबालिग बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया।
निरीक्षण दल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राघोपुर, प्रतापगंज, पिपरा और बसंतपुर के अधिकारी सहित राघोपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान बलुआ थाना क्षेत्र के विशनपुर गुलामी गांव निवासी प्रकाश मंडल के पुत्र ज्योतिष कुमार को नगर पंचायत सिमराही स्थित लक्की रायजी होटल में काम करते पाया गया।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित होटल संचालक द्वारा बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016) का उल्लंघन किया गया है। इसके तहत यह अपराध संज्ञेय श्रेणी में आता है। धावा दल ने तत्परता दिखाते हुए बाल श्रमिक को मुक्त कराया और उसे सुपौल स्थित बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
वहीं होटल संचालक अमरदीप राय के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।







