सुपौल: राघोपुर थाना के अंदर महज दस कदम की दूरी पर स्थित बाबा सर्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

राघोपुर थाना से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित बाबा सर्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर में चोरी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। चोर घंटियां, त्रिशूल और नकदी लेकर फरार हो गए, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। थाना परिसर के अंदर महज दस कदम की दूरी पर स्थित बाबा सर्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

खास बात यह है कि मंदिर के ठीक बगल में पुलिस अधिकारियों का डेरा मौजूद है, इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

राघोपुर थाना के अंदर अवस्थित मंदीर

बताया गया कि चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर दो पीतल की घंटियां और एक त्रिशूल चुरा लिया। इसके साथ ही मंदिर में पाठ कराने आए बाबा तीर्थानंद पाठक का पुस्तक पात्रा भी गायब कर दिया, जिसमें करीब 9 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। इस घटना ने न केवल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पुलिस की सक्रियता पर भी गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

मंदिर के पुजारी विक्कू झा ने बताया कि रोजाना की तरह उन्होंने बुधवार की शाम पूजा-पाठ संपन्न कराने के बाद मंदिर को विधिवत बंद कर दिया था। गुरुवार की सुबह जब मंदिर खोला गया तो अंदर का दृश्य देख वे हैरान रह गए। मंदिर से सामान गायब था और दरवाजे के आसपास छेड़छाड़ के निशान भी मिले। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। वहीं, बाबा तीर्थानंद पाठक ने बताया कि वे मंदिर में धार्मिक पाठ के लिए आए थे और अपनी पुस्तक पात्रा में 9 हजार रुपये सुरक्षित रखे थे, जिसे चोर उठा ले गए। उन्होंने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिमराही बाजार क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक इन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चोरों का हौसला बुलंद है, जो कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, नियमित गश्ती बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस चुनौतीपूर्ण मामले का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है।

Leave a Comment