सड़क हादसे में शहीद हुए तीन थानाध्यक्षों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, पुलिस लाइन में उमड़ा जनसैलाब

बेगूसराय के साहेबपुर कमाल में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मधेपुरा के तीन थानाध्यक्षों को पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। गार्ड ऑफ ऑनर के बीच अधिकारियों, जवानों और परिजनों ने नम आंखों से अपने साथियों को अंतिम विदाई दी।

News Desk Madhepura:

बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मधेपुरा जिला पुलिस के तीन थानाध्यक्षों को शुक्रवार को पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पुलिस लाइन का माहौल बेहद भावुक और गमगीन हो गया। पुलिस पदाधिकारी, जवान, प्रशासनिक अधिकारी तथा परिजन अपने प्रिय अधिकारियों को अंतिम विदाई देते हुए भावुक नजर आए।

बता दें कि कि रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार, अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र तथा बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की मौत बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हो गई थी। हादसे में वाहन चालक की भी जान चली गई थी। सभी पुलिस अधिकारी पटना में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा कर मधेपुरा लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुखद दुर्घटना हो गई।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों दिवंगत पुलिस अधिकारियों के पार्थिव शरीर को मधेपुरा पुलिस लाइन लाया गया। जैसे ही पुलिस वाहन परिसर में पहुंचा, वहां मौजूद अधिकारियों, जवानों और परिजनों की आंखें नम हो गईं। पूरे परिसर में शोक और संवेदना का माहौल व्याप्त हो गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष, जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह, डीएसपी प्रवेंद्र भारती, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार, ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा, प्रशिक्षु डीएसपी नुरुल हक, डीएसपी मुख्यालय सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत पुलिस अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी और उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कांस्टेबलों ने भी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नम आंखों से अंतिम सलामी दी। श्रद्धांजलि सभा के दौरान कई जवान अपने साथियों को याद कर भावुक हो उठे। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

इसके बाद तीनों पुलिस अधिकारियों को पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस जवानों ने अंतिम सलामी देकर अपने साथियों को विदाई दी। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत तीनों अधिकारियों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास के लिए रवाना किया गया। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। माता-पिता, भाई-बहन और अन्य स्वजन बार-बार भावुक होकर बेसुध हो जा रहे थे। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि यह केवल तीन पुलिस अधिकारियों की मृत्यु नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि तीनों अधिकारी अपने कर्तव्य के प्रति पूरी तरह समर्पित थे और उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

दिवंगत रतवारा थानाध्यक्ष सजन कुमार रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन के निवासी थे और वर्ष 2018 बैच के पुलिस पदाधिकारी थे। अरार थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड के आजमपुर गोला निवासी थे तथा वर्ष 2009 बैच के अधिकारी थे। वहीं बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार कैमूर जिले के निवासी एवं वर्ष 2018 बैच के पुलिस पदाधिकारी थे। हादसे में जान गंवाने वाले वाहन चालक उदाकिशुनगंज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

तीनों अधिकारियों के असामयिक निधन से मधेपुरा जिला पुलिस बल में शोक की लहर है। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और समर्पित अधिकारी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा कहा कि उनकी सेवाएं और योगदान हमेशा स्मरणीय रहेंगे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]