श्राद्ध भोज में भोजन करने के बाद 150 से अधिक लोग बीमार, दाल में छिपकली मिलने की आशंका; अस्पताल में भर्ती

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगंज पश्चिम पंचायत के दतुआ वार्ड संख्या-10 में आयोजित एक श्राद्ध भोज के बाद 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सभी प्रभावित लोगों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार दतुआ गांव निवासी छोटकेलाल यादव की पत्नी के श्राद्ध कर्म के अवसर पर रविवार देर रात सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था। भोज में आसपास के गांवों सहित करीब 500 लोग शामिल हुए थे। ग्रामीणों के मुताबिक भोजन के दौरान दाल में एक मरी हुई छिपकली दिखाई दी, जिसके बाद लोगों के बीच चिंता और भय का माहौल बन गया।

भोज ग्रहण करने के कुछ समय बाद कई लोगों, विशेषकर बच्चों ने पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द, घबराहट और बेचैनी की शिकायत शुरू कर दी। कुछ लोगों को चक्कर आने की भी शिकायत हुई। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी प्रभावितों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जदिया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं त्रिवेणीगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभिनव भारती भी अस्पताल पहुंचे तथा भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की निगरानी की जा रही है।

अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. इन्द्रदेव यादव ने बताया कि श्राद्ध भोज में परोसे गए भोजन के दूषित होने की आशंका के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे हैं। अस्पताल में 150 से अधिक मरीजों का उपचार किया गया है, जिनमें बच्चों की संख्या अधिक है। सभी मरीजों की हालत स्थिर है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है।

बीडीओ अभिनव भारती ने बताया कि दतुआ गांव में आयोजित भोज से संबंधित सूचना मिलने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया। जिन लोगों को पेट दर्द, उल्टी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें हुईं, उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि भोजन में छिपकली मिलने के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल सभी मरीजों का इलाज जारी है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Comment