सुपौल: राघोपुर डीलर संघ ने एसडीएम नीरज कुमार को दी भावभीनी विदाई, तीन वर्षों के कार्यकाल को बताया यादगार

सुपौल के राघोपुर प्रखंड कार्यालय स्थित टीसीपी भवन में राघोपुर डीलर संघ ने वीरपुर के निवर्तमान एसडीएम नीरज कुमार को भावभीनी विदाई दी। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके तीन वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए मिथिला पाग, अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड कार्यालय स्थित टीसीपी भवन में गुरुवार को राघोपुर डीलर संघ की ओर से वीरपुर के निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) नीरज कुमार के सम्मान में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलर एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया और नीरज कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमर कुमार तथा बीस सूत्री अध्यक्ष कमल प्रसाद यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डीलर संघ के पदाधिकारियों ने नीरज कुमार को मिथिला की परंपरा के अनुरूप पाग, अंगवस्त्र एवं फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि वीरपुर अनुमंडल में बिताए गए तीन वर्ष उनके प्रशासनिक जीवन के सबसे यादगार और सीख देने वाले वर्षों में शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनवितरण प्रणाली के डीलरों और आम जनता का भरपूर सहयोग मिला, जिसके कारण वे कई जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि राघोपुर प्रखंड हमेशा पीडीएस व्यवस्था के बेहतर संचालन के लिए जाना जाता रहा है। यहां के डीलरों ने पारदर्शिता और समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने में प्रशासन का पूरा सहयोग किया। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी ने टीम भावना के साथ काम किया। नीरज कुमार ने आगे कहा कि प्रशासन और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है। पद बदलते रहते हैं, लेकिन जनता का स्नेह और सहयोग हमेशा याद रहेगा। जहां भी नई जिम्मेदारी मिलेगी, पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करता रहूंगा। राघोपुर और वीरपुर क्षेत्र से जुड़ी यादें हमेशा मेरे दिल में रहेंगी।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि नीरज कुमार ने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक कार्यों का सफल संचालन करते हुए जनता का विश्वास जीता। वहीं अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने कहा कि उनके नेतृत्व में टीम भावना के साथ कार्य करने का अवसर मिला, जो हमेशा प्रेरणादायक रहेगा। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमर कुमार ने कहा कि नीरज कुमार ने जनवितरण प्रणाली को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं बीस सूत्री अध्यक्ष कमल प्रसाद यादव ने कहा कि उन्होंने सदैव आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का प्रयास किया।

डीलर संघ अध्यक्ष जगदेव यादव एवं पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि नीरज कुमार का व्यवहार हमेशा सहज और सहयोगात्मक रहा। उन्होंने डीलरों की समस्याओं का समय पर समाधान कराया और पीडीएस व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमर कुमार ने किया।

मौके पर डीलर संघ सचिव गंगाराम मेहता, रघुनंदन यादव, कुशेश्वर पासवान, नरेंद्र झा, प्रदीप कुमार भारती, राजन कुमार उर्फ मुन्ना, भगवान प्रसाद सिंह, रमेश कुमार यादव, नंदकुमार साह, अरुण कुमार साह, दयकान्त मिश्रा, सीकेन्द्र कुमार, अंजली कुमारी आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]