सुपौल: वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण, पर्यटन विकास की संभावनाएं तलाशने पहुंचे डीडीसी व एसडीएम

वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत डीडीसी इंद्रवीर कुमार और एसडीएम विनय कुमार ने वीरपुर-भीमनगर के सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर पर्यटन विकास और रोजगार सृजन की संभावनाओं का जायजा लिया।

Report: A.K Chaudhary

सीमावर्ती गांवों को विकसित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सुपौल जिले के वीरपुर एवं भीमनगर के सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त (डीडीसी) इंद्रवीर कुमार एवं वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने सीमावर्ती इलाकों का भ्रमण कर पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को चिन्हित किया जा रहा है, ताकि यहां के लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो सके और गांव आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्यटन के क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को तलाशने तथा आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में वीरपुर आने वाले अधिकांश पर्यटक वीरपुर बराज का भ्रमण करते हैं, लेकिन इसके अलावा भी वीरपुर एवं भीमनगर के आसपास कई ऐसे स्थान हैं जिन्हें विकसित कर आकर्षक पर्यटन स्थल बनाया जा सकता है। यदि इन स्थलों का समुचित विकास किया जाए तो पर्यटक अधिक समय तक वीरपुर में रुकेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

भ्रमण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यटन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की पहचान करने तथा उपलब्ध भूमि की जानकारी जुटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही संभावित परियोजनाओं के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने पर भी बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान एसएसबी के अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास और संभावित पर्यटन परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा उनके सुझाव भी लिए गए।

Leave a Comment

[democracy id="1"]