Report: A.K. Chaudhary
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत बुधवार को जिला प्रशासन, सुपौल द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। लोहिया नगर चौक से शुरू हुई यह यात्रा स्टेशन चौक, महावीर चौक एवं अंबेदकर चौक होते हुए गांधी मैदान पहुंचकर सम्पन्न हुई।

तिरंगा यात्रा में जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. एवं उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए। इसके अलावा स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, एएनएम, सम्मानित सदस्यों तथा बड़ी संख्या में आमजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे प्रतिभागियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखते ही बना। पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देश के प्रति समर्पण तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस भव्य यात्रा ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। बड़ी संख्या में आम लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी प्रभावी बना दिया। गांधी मैदान में यात्रा के समापन के साथ ही राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देने वाला यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।







