DUSU चुनाव 2025: बिहार की बेटी दीपिका झा का जलवा, DUSU की संयुक्त सचिव बन रचा इतिहास

News Desk:

DUSU Elections Result 2025:  दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2025 में बिहार की मधुबनी की बेटी दीपिका झा ने इतिहास रच दिया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से संयुक्त सचिव पद की उम्मीदवार रहीं दीपिका ने 21,825 वोट पाकर शानदार जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी एनएसयूआई के लवकुश भदाना को 17,380 वोट मिले। दीपिका ने कुल 4,445 वोटों की बढ़त से विजय प्राप्त की।

दीपिका मूल रूप से मधुबनी जिले के एक कृषि-आधारित साधारण परिवार से आती हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उनके माता-पिता ने हमेशा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। दीपिका ने दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है और वर्तमान में वे बौद्ध अध्ययन विभाग में शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।

छात्र राजनीति में उतरने से पहले ही दीपिका सामाजिक कार्यों से गहराई से जुड़ी रही हैं। वे एबीवीपी के ‘स्टूडेंट्स फॉर सेवा’ प्रोजेक्ट से सक्रिय रूप से जुड़ी रहीं और बस्ती की पाठशाला व ऋतुमति अभियान जैसे कार्यक्रमों में अहम भूमिका निभाते हुए छात्राओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करती रहीं।

अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए दीपिका ने कहा— “एबीवीपी ने मुझे मौका दिया, इसके लिए मैं आभारी हूं। मुझे भरोसा था कि छात्रों का प्यार और समर्थन हमें मिलेगा और आज यह सच साबित हुआ है।”

चुनाव प्रचार के दौरान दीपिका ने छात्रों से लगातार मुलाकात की और उनके मुद्दों को प्राथमिकता दी। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रही 27 साल बाद डीयू कैंपस में विशेष बस सेवा शुरू कराना। उन्होंने हर कॉलेज की छात्राओं को एनसीसी में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने का संकल्प भी लिया।

एबीवीपी की ओर से इस बार अध्यक्ष पद पर आर्यन मान (हरियाणा), सचिव पद पर कुणाल चौधरी (दिल्ली) और सह-सचिव पद पर दीपिका झा (बिहार) ने जीत दर्ज की। जबकि उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के उम्मीदवार ने जीत हासिल की।

दीपिका झा की यह जीत सिर्फ मधुबनी ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव का क्षण है। उनकी संघर्षपूर्ण यात्रा और सेवा भाव ने छात्र राजनीति में नया संदेश दिया है। अब वे DUSU की 69वीं संयुक्त सचिव के रूप में छात्रों की आवाज बुलंद करने को तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]