इंडो-नेपाल बॉर्डर पर 7 किलोमीटर पैदल मार्च, सघन वाहन जांच से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

Report: A.K. Chaudhary

इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से गुरुवार को जिला प्रशासन एवं एसएसबी 45वीं बटालियन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष पैदल मार्च एवं सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार ने किया।

इस दौरान वीरपुर नगर पंचायत के इंडो-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र से लेकर बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत बेनेलीपट्टी पंचायत के सीमावर्ती इलाके तक करीब 7 किलोमीटर का पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

अभियान के दौरान बॉर्डर क्षेत्र के समीप से गुजरने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस एवं एसएसबी जवानों द्वारा वाहनों के आवश्यक कागजात सहित अन्य बिंदुओं की जांच करते हुए सीमा क्षेत्र में सतर्कता बरती गई।

इस संयुक्त अभियान में सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस., वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, एसएसबी 45वीं बटालियन के अधिकारी एवं जवान, बसंतपुर बीडीओ, सीओ तथा वीरपुर एवं भीमनगर थानाध्यक्ष अपने-अपने पुलिस बल के साथ शामिल हुए।

लगातार जारी रहेगा निगरानी अभियान

अभियान के उपरांत जिलाधिकारी सावन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमा क्षेत्र में इसी प्रकार का पैदल मार्च एवं सतत निगरानी अभियान लगातार जारी रखा जाए। उन्होंने सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोकथाम के लिए संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

Leave a Comment