नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में हाई अलर्ट, गंडक-कोसी नदी पर विशेष निगरानी

News Desk :

नेपाल में अचानक आई फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल-चीन सीमा के पास नदियों में अचानक बढ़े जलस्तर को देखते हुए बिहार के नेपाल सीमा से सटे और निचले इलाकों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। गंडक और कोसी समेत प्रमुख नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के फुर्के खोला क्षेत्र में त्रिशूली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। यह इलाका भारत-नेपाल सीमा से करीब 160 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में नेपाल-चीन सीमा के पास संभावित ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) की गतिविधि के कारण नदी में अचानक पानी बढ़ने की आशंका जताई गई है। यह पानी आगे चलकर गंडक नदी में पहुंच सकता है। हालांकि, रास्ते में बाढ़ की लहर के प्रभाव और पीक फ्लो में कमी आने की संभावना भी बताई गई है।

स्थिति को देखते हुए गंडक बेसिन के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण और वैशाली तथा कोसी बेसिन के सुपौल, सहरसा, मधेपुरा और अररिया जिलों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। अधिकारियों को तटबंधों, नदी के जलस्तर और जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

गंडक बैराज के गेटों का संचालन भी परिस्थितियों के अनुसार करने को कहा गया है, ताकि नेपाल से आने वाले अतिरिक्त पानी को सुरक्षित तरीके से आगे निकाला जा सके। नेपाल से मिलने वाली हर सूचना को गंभीरता से लेने और जरूरत पड़ने पर तत्काल एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने भी अपनी तैयारियां बढ़ा दी हैं। राहत और बचाव अभियान के लिए 11 रेस्क्यू एंड रिलीफ टीमों को अलर्ट किया गया है, जबकि 7 अतिरिक्त टीमों को स्टैंडबाय में रखा गया है। सीमा पर तैनात बटालियनों को स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहने और स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

बाढ़ के कारण बेट्रावती से रसुवागढ़ी बॉर्डर तक करीब 42 किलोमीटर सड़क को कई स्थानों पर नुकसान पहुंचने और कुछ कंक्रीट पुलों के बहने की जानकारी सामने आई है। कई लोगों के बहने की खबरें भी सामने आई हैं, हालांकि करीब 1000 लोगों के बहने का दावा अभी आधिकारिक रूप से पुष्ट नहीं है। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

बिहार में पहले से ही कई नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता बनी हुई है। ऐसे में नेपाल से आने वाला अतिरिक्त पानी गंडक और कोसी समेत अन्य नदियों के जलस्तर को प्रभावित कर सकता है। इसी को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में समय रहते जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *