
Report: A.K. Chaudhary
जमीन से जुड़े सरकारी कार्यों के नाम पर लोगों को फोन कर पैसे मांगने का मामला सामने आने के बाद सुपौल जिले के निर्मली अंचल कार्यालय ने आम लोगों को सतर्क किया है। बताया गया है कि कुछ लोगों को दाखिल-खारिज, परिमार्जन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व कार्यों के नाम पर फोन किए जा रहे हैं और उनसे राशि की मांग की जा रही है।
निर्मली की प्रभारी अंचलाधिकारी शाहीना बेगम ने स्पष्ट किया कि अंचल कार्यालय की ओर से दाखिल-खारिज, परिमार्जन, बंटवारा या जमीन से संबंधित किसी भी कार्य के लिए फोन के माध्यम से लोगों से पैसे की मांग नहीं की जाती है। ऐसे में अंचल कार्यालय के नाम पर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल से लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को जमीन संबंधी कार्य जल्द कराने या किसी अन्य बहाने से फोन कर पैसे की मांग की जाती है, तो बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को राशि नहीं दें। ऐसे मामलों की सूचना तत्काल निर्मली अंचल कार्यालय अथवा साइबर थाना को दें, ताकि मामले की जांच की जा सके।
प्रभारी अंचलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि जमीन से जुड़े कार्यों के लिए किसी अनजान व्यक्ति या बिचौलिए के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की शंका होने पर सीधे अंचल कार्यालय पहुंचकर संबंधित मामले की जानकारी लें और उसकी पुष्टि करने के बाद ही कोई कदम उठाएं।






