
Report: Amresh Kumar
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव शनिवार को सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के लिटियाही गांव पहुंचे, जहां उन्होंने रेलवे पटरी के किनारे मृत मिले 14 वर्षीय सत्यम कुमार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। सांसद ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद भी दी और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस दौरान पप्पू यादव ने फोन पर सुपौल एसपी से बातचीत कर घटना की समुचित जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
दरअसल, करीब तीन दिन पहले पिपरा थाना क्षेत्र के लिटियाही में रेलवे पटरी के किनारे लिटियाही निवासी ब्रह्मदेव यादव के 14 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार का शव मिला था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि सत्यम की हत्या कर शव को रेलवे पटरी के किनारे रख दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि इसके करीब 24 घंटे के अंदर थूमहा के समीप रात में रेलवे पटरी के किनारे एक अन्य युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
दूसरे मृतक की पहचान करहरबा निवासी सुरेंद्र यादव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार सुरेंद्र यादव की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। लगातार दो घटनाओं के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।
लिटियाही पहुंचे पप्पू यादव ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ उनकी लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक अपनी आवाज उठाते रहे हैं और अपराधियों तथा ताकतवर व्यवस्था की मनमानी को किसी भी कीमत पर चलने नहीं देंगे।
सांसद ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वह उनके साथ खड़े हैं और मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लगातार आवाज उठाते रहेंगे।






