Report: A.K. Chaudhary
जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर बुधवार को सुपौल पहुंचे, जहां उन्होंने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर आयोजित स्नातक संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। रतन रिसॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में वे जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्नातक मतदाताओं से संवाद किया और प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने कोसी क्षेत्र के 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने की व्यक्तिगत गारंटी देने की बात कही। उन्होंने कहा कि रोजगार के मुद्दे पर अब जनप्रतिनिधियों से भी सवाल पूछे जा रहे हैं। उनके अनुसार, नौकरी और शिक्षकों के सातवें वेतनमान जैसे मुद्दों पर चर्चा होना लोकतंत्र में विकल्प की भूमिका को दर्शाता है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि जाति और धर्म के आधार पर मतदान करने के बजाय लोगों को अपने मुद्दों और जरूरतों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी राजनीतिक दल के प्रति भय या किसी अन्य प्रलोभन के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी समस्याओं और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखकर निर्णय लें।
समर्थकों ने लड्डुओं से तौला
सुपौल पहुंचने पर जन सुराज समर्थकों ने प्रशांत किशोर को लड्डुओं से तौला। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर समर्थकों में उत्साह देखा गया। स्नातक संवाद को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव सरकार बनाने या हटाने के लिए नहीं, बल्कि सरकार को जवाबदेह बनाने का अवसर है।
उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं, शिक्षकों की मांगों, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाना चाहिए। उन्होंने कोसी क्षेत्र के स्नातक मतदाताओं से डॉ. रजनीश रंजन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
शिक्षकों के सातवें वेतनमान का भी उठाया मुद्दा
प्रशांत किशोर ने शिक्षकों के सातवें वेतनमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जन सुराज ने लोकसभा चुनाव से पहले इस व्यवस्था में शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ दिलाने का संकल्प लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रजनीश रंजन जीतते हैं, तो बांकीपुर में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को यहां भी लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन, पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना, ललन यादव, जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, महिला प्रवक्ता रीति झा, चुनाव प्रभारी राकेश कुमार बंटी समेत जन सुराज के अन्य नेता और समर्थक मौजूद रहे।







