
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही स्थित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने ध्वजारोहण कर किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर चेयरमैन महादेव मेहता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र की गरिमा, एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया।

विद्यालय की निर्देशिका अल्पना मेहता ने अपने संबोधन में आजादी के आठ दशकों के सफर में देश के विकास में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां आज शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और राष्ट्र का गौरव बढ़ा रही हैं।

इसके बाद स्कूल हेड्स, क्लब प्रेसिडेंट्स और हाउस कैप्टेंस के नेतृत्व में भव्य परेड का आयोजन किया गया। स्कूल कैबिनेट के सदस्यों और विद्यार्थियों ने बैंड की धुन पर शानदार कदमताल करते हुए अनुशासन और देशभक्ति का परिचय दिया। परेड का निर्देशन रंजीत लामा ने किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण और कविताओं की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र के प्रति समर्पण, युवा शक्ति, देश की प्रगति और राष्ट्र निर्माण में महापुरुषों के योगदान पर अपने विचार रखे।
विद्यालय के अकादमिक निदेशक राजा रवि ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की विविधता को स्वीकार करते हुए राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
वहीं, विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भविष्य के नागरिक हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिवार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने समारोह में उपस्थित अतिथियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
समारोह को सफल बनाने में मनीषा झा, गौरव कुमार, कृष्णा गुप्ता, शंकर मेहता, सुधांशु वर्मा, आदर्श लामा, रमेश मुखिया सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।







