बिहार भाजपा को मिला नया चेहरा, संजय सरावगी बने नए प्रदेश अध्यक्ष, दरभंगा के विधायक को सौंपी गई संगठन की कमान

News Desk Patna:

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को बिहार प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान कर दिया है। पार्टी ने दरभंगा शहरी से लगातार पांच बार विधायक रहे संजय सरावगी को बिहार भाजपा की कमान सौंपी है। वह निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे। इस फैसले को बिहार की राजनीति में भाजपा के संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इससे पहले रविवार को भाजपा ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके बाद सोमवार को बिहार भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

संजय सरावगी दरभंगा शहरी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2005 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। उन्होंने फरवरी और अक्टूबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की है। वे बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

1969 में जन्मे संजय सरावगी ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से एमए तक की पढ़ाई की है। उनकी राजनीतिक शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से हुई। वर्ष 2003 में उन्होंने नगर निगम चुनाव जीतकर वार्ड पार्षद के रूप में राजनीति में कदम रखा था।

विधानसभा में आक्रामक तेवरों और स्पष्ट बयानबाजी के कारण संजय सरावगी की पहचान भाजपा के फायरब्रांड विधायक के रूप में रही है। हाल ही में भाजपा ने उन्हें महाराष्ट्र और दिल्ली विधानसभा चुनावों के प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी थी, जहां पार्टी को सकारात्मक परिणाम मिले। इसके अलावा दरभंगा एम्स के शिलान्यास और भागलपुर में प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों में भी उन्हें अहम भूमिका दी गई थी।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि संजय सरावगी के नेतृत्व में बिहार भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा और आगामी चुनावों में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]