Report: A.K Chaudhary
होली के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार किशनगंज–लालकुआं, डिब्रूगढ़–झंझारपुर तथा कटिहार–अमृतसर के बीच होली स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के चलने से बिहार के सीमांचल और कोसी क्षेत्र के यात्रियों को पंजाब, असम और उत्तराखंड के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
किशनगंज–लालकुआं होली स्पेशल (05741/05742)
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 05741 किशनगंज–लालकुआं होली स्पेशल 05 मार्च से 26 मार्च 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को सुबह 08:30 बजे किशनगंज से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन ठाकुरगंज, अररिया, फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, झंझारपुर, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, गोरखपुर एवं सीतापुर के रास्ते अगले दिन 15:40 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 05742 लालकुआं–किशनगंज होली स्पेशल 06 मार्च से 27 मार्च 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को रात्रि 08:40 बजे लालकुआं से प्रस्थान करेगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए रविवार की मध्य रात्रि 02:00 बजे किशनगंज पहुंचेगी।
डिब्रूगढ़–झंझारपुर होली स्पेशल (05974/05973)
रेलवे द्वारा डिब्रूगढ़–झंझारपुर होली स्पेशल कुल 7 ट्रिप चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 05974 प्रत्येक मंगलवार 17 फरवरी से 31 मार्च के बीच सुबह 05:20 बजे डिब्रूगढ़ से प्रस्थान कर गुवाहाटी, सिलीगुड़ी, फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, सरायगढ़ और निर्मली होते हुए अगले दिन 11:30 बजे झंझारपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05973 प्रत्येक बुधवार 18 फरवरी से 1 अप्रैल तक झंझारपुर से दोपहर 01:00 बजे खुलेगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए अगले दिन रात्रि 08:20 बजे डिब्रूगढ़ पहुंचेगी। इस सेवा के शुरू होने से पहली बार कोसी क्षेत्र को असम से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिली है, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों में खासा उत्साह है।
कटिहार–अमृतसर होली स्पेशल (05736/05735)
कटिहार–अमृतसर होली स्पेशल कुल 5 ट्रिप संचालित की जाएगी। गाड़ी संख्या 05736 प्रत्येक बुधवार 25 फरवरी से 25 मार्च तक कटिहार से रात्रि 09:00 बजे प्रस्थान कर फारबिसगंज, ललितग्राम, राघोपुर, सरायगढ़ और निर्मली होते हुए शुक्रवार सुबह 09:45 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 05735 प्रत्येक शुक्रवार 27 फरवरी से 27 मार्च तक अमृतसर से दोपहर 01:25 बजे प्रस्थान कर निर्धारित मार्ग से शनिवार रात्रि 11:45 बजे कटिहार पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेगी सीधी और सुलभ सुविधा
होली के दौरान बिहार से पंजाब, असम और उत्तराखंड की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है। ऐसे में इन स्पेशल ट्रेनों का परिचालन यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इससे जहां यात्रा का समय कम होगा, वहीं अतिरिक्त ट्रेनों के कारण टिकटों की उपलब्धता में भी सहूलियत मिलेगी।
रेलवे के इस निर्णय से सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। यात्रियों ने रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहार के समय सीधी कनेक्टिविटी मिलने से उन्हें अब दूसरे शहरों में बदल-बदल कर यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।







