सुपौल: कोसी कटाव से बेलागोट में 20 से अधिक परिवार विस्थापित, एसडीओ ने लिया स्थिति का जायजा

News Desk Supaul:

जिले के किशनपुर प्रखंड के दुबीयाही पंचायत स्थित बेलागोट में कोसी नदी के तेज धारा से लगातार हो रहे कटाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब तक 20 से अधिक परिवारों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर इंद्रवीर कुमार ने कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली और विस्थापित परिवारों से बातचीत की।

एसडीओ ने बताया कि पूर्व में भी कटाव की शुरुआत के समय उन्होंने स्थल निरीक्षण कर अंचलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए थे, जिसमें सामुदायिक रसोई की व्यवस्था, पॉलिथीन सीट्स का वितरण और अन्य आवश्यक राहत कार्य शामिल थे। ताजा निरीक्षण में पाया गया कि कोसी की तेज धारा से कटाव की रफ्तार जारी है, ऐसे में सभी लोगों से अपील की गई कि यदि कटाव इसी गति से जारी रहा तो वे तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने सामुदायिक रसोई का भी जायजा लिया, जहां प्रतिदिन सुबह और शाम मिलाकर करीब 400 से 500 बाढ़ पीड़ितों को भोजन परोसा जा रहा है। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों, विशेषकर बच्चों से भी बातचीत की। सभी ने बताया कि उन्हें पॉलिथीन सीट्स मिल गए हैं और सामुदायिक रसोई में ठीक ढंग से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक प्रशासन द्वारा 50 से अधिक पॉलिथीन का वितरण किया गया है।

अंचल प्रशासन ने गृह क्षति एवं अन्य क्षति का आकलन पूरा कर लिया है, ताकि प्रभावित परिवारों को आगे सरकारी लाभ प्रदान किया जा सके। एसडीओ ने दोहराया कि कटाव पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित परिवारों को पूर्ण रूप से सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]