सुपौल: निर्मली में सड़क पर बाइक सवार युवक पर गिरा विशाल पेड़, मौके पर मौत

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। निर्मली-बेलही मुख्य सड़क मार्ग पर अचानक एक विशाल कदम का पेड़ बाइक सवार युवक के ऊपर जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान कमरैल पंचायत के वार्ड संख्या-05 निवासी सत्यनारायण चौपाल के पुत्र दीपक कुमार (25) के रूप में हुई है। बताया गया कि दीपक कुमार अपनी मामी को छजना गांव स्थित उनके घर छोड़कर बाइक से वापस अपने घर कमरैल लौट रहे थे। इसी दौरान निर्मली-बेलही मुख्य सड़क पर अचानक सड़क किनारे खड़ा विशाल कदम का पेड़ उनकी बाइक के ऊपर गिर पड़ा।

पेड़ की चपेट में आने से दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सड़क पर विशाल पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा।

पेड़ इतना बड़ा था कि उसके गिरने से बिजली का एक खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति भी तत्काल बाधित हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही निर्मली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment