
Report: A.K. Chaudhary
इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सुपौल से आ रही हैं जहां जिले के पिपरा थाना क्षेत्र से देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एनएच-327ई पर कटैया चौक के समीप तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे कीर्तन कर रहे छह लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान कटैया निवासी तीलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में चन्द्रेश्वरी यादव, रामचंद्र यादव और कृष्ण मोहन साह शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि कटैया चौक पर कीर्तन का आयोजन किया गया था। लोग सड़क किनारे कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित होकर वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कटैया चौक के पास एनएच-327ई को जाम कर दिया और मुआवजे के साथ दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुट गई। वहीं, सदर एसडीएम मनोहर साहू, त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराने का प्रयास कर रहे हैं।






