सुपौल में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार वाहन को डीएम ने दिखाई हरी झंडी, नुक्कड़ नाटक से किया जाएगा जागरूक

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रचार अभियान की शुरुआत की गई। समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी सावन कुमार ने योजना के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित प्रचार वाहन एवं नुक्कड़ नाटक समिति को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अभियान के तहत विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल अंतर्गत सुपौल सदर, किशनपुर, पिपरा एवं त्रिवेणीगंज प्रखंड के कुल 14 चयनित स्थलों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी जाएगी। प्रचार वाहन के माध्यम से अधिक से अधिक आम लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास आधार कार्ड, उपभोक्ता संख्या, मोबाइल नंबर, बैंक खाते से संबंधित विवरण एवं छत के स्वामित्व का प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। इच्छुक लाभार्थी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की आधिकारिक वेबसाइट, बिहार ऐप अथवा पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सौर ऊर्जा संयंत्र पर मिल रहा अनुदान

योजना के तहत सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाने वाले उपभोक्ताओं को केंद्र और बिहार सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है। एक किलोवाट के संयंत्र पर केंद्र के 30 हजार रुपये के अनुदान के अतिरिक्त बिहार सरकार की ओर से 10 हजार रुपये यानी कुल 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।

इसी तरह दो किलोवाट के संयंत्र पर कुल 80 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक का अनुदान मिलने का प्रावधान है। आवेदकों की सुविधा के लिए योजना में लगने वाली राशि के लिए बैंकों के माध्यम से 5.75 प्रतिशत की दर से ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम के दौरान विद्युत अधीक्षण अभियंता सहरसा संतोष कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता सुपौल आलोक कुमार रंजन, विद्युत कार्यपालक अभियंता राघोपुर धनन्यजय कुमार सिंह, वरीय प्रबंधक (राजस्व) दीपक कुमार, सहायक विद्युत अभियंता सुपौल आशुतोष कुमार शर्मा, सहायक विद्युत अभियंता त्रिवेणीगंज आकाश कुमार सहित विद्युत विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Comment