
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल सड़क हादसा: सुपौल में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सदर थाना क्षेत्र के सुपौल-वीणा रोड स्थित सरही मालिकाना के समीप एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान वीणा निवासी 17 वर्षीय कुंदन कुमार और 20 वर्षीय अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश कुमार और कुंदन कुमार दोनों चचेरे भाई अपने घर वीणा से सुपौल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सरही मालिकाना के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में अखिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कुंदन कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस जांच में जुटी है।







