
Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के मरिचा स्थित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आयोजित 35 दिवसीय ब्यूटीपार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी सावन कुमार उपस्थित हुए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी प्रशिक्षुओं से 35 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान मिली जानकारी और उपलब्धियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को सलाह देते हुए कहा कि ब्यूटीपार्लर खोलने से पहले किसी अच्छे ब्यूटीपार्लर में काम कर अपने व्यावहारिक अनुभव को और बेहतर करें। इससे भविष्य में अपना ब्यूटीपार्लर शुरू करने में आने वाली परेशानियों से बचने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें और अपने-अपने क्षेत्र के अन्य लोगों को भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार से जुड़ सकें।
समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं के बीच प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया। मौके पर स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार, एसबीआई सीएम साहिल सिंह, एलडीएम सुपौल बागिश कुमार झा, आरसेटी निदेशक टीएस करेकट्टा, अनीश रंजन, मुकेश कुमार मुकान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।






