सुपौल सदर अस्पताल में पहली बार C-Arm मशीन से टिबिया फ्रैक्चर का सफल इंटरलॉकिंग ऑपरेशन

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। सदर अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग में पहली बार C-Arm मशीन की सहायता से टिबिया फ्रैक्चर का इंटरलॉकिंग मेजर ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर और सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आशीष कुमार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकीय जांच के दौरान उनके पैर की टिबिया हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इसके बाद अस्पताल के ऑर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ. बीएन भारती के नेतृत्व में C-Arm मशीन की मदद से इंटरलॉकिंग ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया।

चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक मरीज का मेजर ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत ठीक बताई जा रही है। डॉ. बीएन भारती ने बताया कि सुपौल सदर अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग में यह पहला मेजर ऑपरेशन है, जिसमें C-Arm मशीन का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।

डॉ. बीएन भारती ने बताया कि सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा के प्रयास से सदर अस्पताल में C-Arm मशीन उपलब्ध कराई गई है। इस मशीन की सहायता से ऑपरेशन के दौरान हड्डी की स्थिति की लाइव इमेज देखी जा सकती है, जिससे चिकित्सकों को ऑपरेशन के दौरान काफी सुविधा मिलती है और उपचार को अधिक सटीक तरीके से किया जा सकता है।

मौके पर मौजूद सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने बताया कि C-Arm आधुनिक चिकित्सा तकनीक है, जिसकी मदद से ऑपरेशन के दौरान हड्डी की स्थिति की लाइव इमेज चिकित्सकों को दिखाई देती रहती है। उन्होंने कहा कि सुपौल सदर अस्पताल में पहली बार टिबिया फ्रैक्चर का मेजर ऑपरेशन निशुल्क सफलतापूर्वक किया गया है।

सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल में अनुभवी एवं योग्य चिकित्सक उपलब्ध हैं। अस्पताल में मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।

सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजनों ने चिकित्सकों और अस्पताल की पूरी टीम के प्रति आभार जताते हुए बधाई दी। परिजनों ने कहा कि जिस तरह की सुविधा के लिए पहले बड़े शहरों और बड़े चिकित्सा संस्थानों का रुख करना पड़ता था, अब वही सुविधा सुपौल सदर अस्पताल में उपलब्ध होना जिले के मरीजों के लिए बड़ी राहत की बात है।

सदर अस्पताल में C-Arm मशीन की सहायता से हुआ यह पहला सफल मेजर ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]