Report: A.K. Chaudhary
सुपौल पुलिस ने दूरसंचार टावर से करीब 5 करोड़ 88 लाख रुपये मूल्य के टेलीकॉम उपकरण चोरी मामले का सफल उद्भेदन करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन को भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भागदेवा निवासी ध्रुव त्रिवेदी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का विभिन्न राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आपराधिक इतिहास रहा है।
जानकारी देते हुए सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और संगीन मामलों में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पिपरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दूरसंचार टावर से टेलीकॉम उपकरण चोरी मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
एसपी ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 को पेरेग्रीन गार्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के सीनियर ऑपरेशन मैनेजर ने पिपरा स्थित इंडस टावर साइट से टेलीकॉम उपकरण चोरी होने के संबंध में पिपरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में चोरी गए फाइबर कार्ड की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 88 लाख रुपये बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सुपौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम में पिपरा थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ तकनीकी टीम को भी शामिल किया गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के कथित सरगना ध्रुव त्रिवेदी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल किए गए चारपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया है।
कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को देता था अंजाम
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए सामान को विदेशों में बेचे जाने की आशंका है। इस बिंदु पर पुलिस गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका, चोरी किए गए उपकरणों की बरामदगी और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार ध्रुव त्रिवेदी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित कई कांड दर्ज हैं। इनमें प्रयागराज, हरदोई, जालौन, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, महोबा और अंबेडकर नगर सहित विभिन्न जिलों के मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ दर्ज मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अन्य संबंधित कानूनों की धाराएं शामिल हैं।







