News Desk Patna:
आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार रजक से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। इस कार्रवाई ने विभागीय हलकों में हलचल तेज कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, ईओयू की टीमें दरभंगा, मधुबनी और सुपौल समेत कई स्थानों पर एक साथ सक्रिय हैं। कुल सात ठिकानों को चिन्हित कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जहां आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों द्वारा दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात और वित्तीय लेनदेन की गहन पड़ताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि North Bihar Power Distribution Company Limited में कार्यरत मनोज कुमार रजक फिलहाल मधुबनी जिले के जयनगर स्थित इलेक्ट्रिक सप्लाई डिवीजन में पदस्थापित हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि उनके पास घोषित आय के मुकाबले लगभग 62 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई है।
इसी आधार पर ईओयू ने विधिवत मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाया है। संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही विभिन्न जिलों में एक साथ छापेमारी की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच एजेंसी का कहना है कि तलाशी के दौरान कई अहम सुराग मिल सकते हैं, जिससे मामले की परतें और खुलने की संभावना है।
फिलहाल दरभंगा के अलावा मधुबनी के जयनगर और सुपौल के निर्मली व करजाईन इलाके में टीम विशेष रूप से जांच कर रही है। इन स्थानों पर संपत्ति के दस्तावेज, बैंकिंग लेनदेन और अन्य निवेश से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।







