Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज बाजार से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया। यहां एक युवक ने कथित रूप से मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद से आहत होकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो के दौरान जहरीला पदार्थ पी लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार युवक की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 निवासी बबलू साह के 25 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुभाष पिछले लगभग सात महीनों से त्रिवेणीगंज बाजार स्थित एक गेस्ट हाउस में किराये का कमरा लेकर रह रहा था।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक उसका अपने माता-पिता और पत्नी से कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिसके बाद वह घर छोड़कर अलग रहने लगा था। परिजन उसके ठिकाने से अनजान थे और लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
घटना वाले दिन युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक के बाद एक कई भावुक पोस्ट साझा किए। पहले पोस्ट में उसने पत्नी के साथ तस्वीर साझा करते हुए याद करने की बात लिखी। इसके बाद दूसरी पोस्ट में अपने पिता से माफी मांगते हुए संदेश डाला। अंत में उसने एक वीडियो साझा किया, जिसे देखने के बाद परिजनों के बीच हड़कंप मच गया। वीडियो देखने के तुरंत बाद परिवार के लोग बताए गए स्थान पर पहुंचे। युवक को गंभीर अवस्था में पाया गया, जिसके बाद उसे आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि युवक को विषाक्तता की गंभीर स्थिति में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि सुभाष की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद उसकी पत्नी बच्चे के साथ मायके में रह रही थी। पारिवारिक अलगाव के कारण वह मानसिक रूप से काफी तनाव में बताया जा रहा था।
मामले को लेकर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि घटना की सूचना पुलिस को मिली है, लेकिन अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







