Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही निवासी यशवंत माधोगड़िया के निजी आवास परिसर में बुधवार को नवनिर्मित भगवान बजरंगबली मंदिर में विधि-विधान एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में आना-जाना शुरू हो गया था और दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा।

प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुआ। आचार्य पंडित मनोज झा ने शास्त्रोक्त विधि से पूजन, हवन एवं अन्य धार्मिक प्रक्रियाओं का संचालन किया। यजमान के रूप में सानू माधोगड़िया एवं उनकी पत्नी रिंकी माधोगड़िया ने पूरे श्रद्धा और समर्पण भाव से पूजा-अर्चना कर भगवान बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया। अनुष्ठान के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी पूजा में सहभागिता निभाई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
इस अवसर पर सानू माधोगड़िया ने कहा कि भगवान बजरंगबली की प्रतिमा की स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी शक्ति, साहस, सेवा, त्याग और अटूट भक्ति के प्रतीक हैं। उनके मंदिर की स्थापना से क्षेत्र में धार्मिक चेतना को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक भावनाओं का संचार होगा। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण बना रहेगा तथा सभी श्रद्धालुओं को उनका आशीर्वाद प्राप्त होगा।

प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के उद्घोष के साथ पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर धार्मिक आस्था और उत्साह से ओतप्रोत दिखाई दे रहा था।
कार्यक्रम में घनश्याम लाल माधोगड़िया, सचिन माधोगड़िया, संजीव माधोगड़िया, अजीत तोधी, रुपाली तोधी, ध्रुव माधोगड़िया, राजकुमार पौद्दार, दिलीप माधोगड़िया, सुनील माधोगड़िया, प्रेमा देवी माधोगड़िया, सरिता माधोगड़िया सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया और सभी ने भगवान बजरंगबली से क्षेत्र की खुशहाली एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।







