Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को मुहर्रम का पर्व शहादत, त्याग और बलिदान की भावना के साथ पूरे श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मनाया गया। इस अवसर पर प्रखंड के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से भव्य जंगी जुलूस निकाले गए, जिनमें हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए।

मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए जुलूसों में युवाओं ने पारंपरिक हथियारों जैसे लाठी, डंडा, तलवार एवं अन्य युद्धक कलाओं का प्रदर्शन किया। युवाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए हैरतअंगेज करतबों को देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। जुलूस के दौरान ढोल-ताशों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से माहौल भक्तिमय और जोशपूर्ण बना रहा।

जुलूस में युवाओं के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी लहरा रहा था, जो धार्मिक आयोजन के साथ-साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहा था। लोगों ने एक-दूसरे को मुहर्रम की शुभकामनाएं दीं और शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

प्रखंड क्षेत्र के सिमराही, रामविसनपुर, दहिपौड़ी, गद्दी, रामपुर, राघोपुर, पिपराही, गणपतगंज सहित कई अन्य गांवों और कस्बों से निकले जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए सिमराही बाजार पहुंचे। सिमराही बाजार में विभिन्न स्थानों से आए जुलूसों का संगम हुआ, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। इस दौरान बाजार क्षेत्र में काफी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे एनएच-131, एनएच-27 तथा अन्य संपर्क मार्गों पर कुछ घंटो के लिए लंबा जाम लग गया। भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, हालांकि कड़ी मशक्कतो के बाद प्रशासनिक प्रयासों से स्थिति सामान्य कर ली गई।

मुहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, साइबर डीएसपी सौरव गुप्ता, लाइन डीएसपी रामानंद मंडल, इंस्पेक्टर राजेश चौधरी, बीडीओ सत्येंद्र कुमार तथा राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और मजिस्ट्रेट विभिन्न स्थानों पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
अधिकारियों ने स्वयं जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लेते रहे। किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
एसडीएम नीरज कुमार ने बताया कि विभिन्न अखाड़ों के द्वारा जुलूस निकाला गया जो शान्तिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतिजाम किये गए है।
मुहर्रम के अवसर पर क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। लोगों ने शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाकर समाज में एकता और समरसता का संदेश दिया।







