Report: A.K Chaudhary
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री राजेश झा (राजू) के सुपौल जिले के सिमराही आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। वे जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में शामिल होने के लिए सुपौल जाने के क्रम में सिमराही पहुंचे थे। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया के आवास पर स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में सचिन माधोगरिया ने प्रदेश महामंत्री राजेश झा को अंगवस्त्र, पारंपरिक मिथिला पाग एवं क्षेत्र के प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर महादेव और विष्णुपद मंदिर का स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, राजकुमार पौद्दार तथा नगर उपाध्यक्ष रमन झा ने भी अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वागत समारोह के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया।
प्रदेश महामंत्री राजेश झा (राजू) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाकर आगामी चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया ने कहा कि राजेश झा जैसे अनुभवी, कर्मठ और संगठन के प्रति समर्पित नेता को प्रदेश महामंत्री का दायित्व मिलना पूरे संगठन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता को मिलेगा तथा भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सिमराही की धरती पर उनका स्वागत करना हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है और हम सभी उनके सफल एवं ऐतिहासिक कार्यकाल की मंगलकामना करते हैं।







