कोहरे का कहर: राघोपुर थाना के पास एनएच-106 पर भीषण हादसा, सीएनजी टेंपो चालक गंभीर घायल

Report: A.K Chaudhary

जिले के राघोपुर थाना के समीप NH 131 (पूर्व NH 106) पर बुधवार की सुबह करीब 7 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें सीएनजी टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सीएनजी टेंपो और एक कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी अनुसार सीएनजी टेंपो राघोपुर की ओर से सिमराही की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सिमराही बाजार की ओर से राघोपुर की तरफ आ रही एक अज्ञात कार से राघोपुर थाना से लगभग 100 मीटर पहले उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो घटनास्थल पर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घायल चालक की पहचान राघोपुर पंचायत के मानिकचंद्र चकला वार्ड संख्या-1 निवासी दिलीप मंडल के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, चालक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम थी। इसी कारण दोनों वाहनों के बीच टक्कर होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त टेंपो को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *