पीएम नरेंद्र मोदी 20 जून को सीवान दौरे पर, 10 हजार करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास

न्यूज डेस्क सिवान:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 20 जून को बिहार के सीवान जिले के पचरुखी प्रखंड स्थित जसौली गांव में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह है। भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर आम जनता तक इस रैली को लेकर सक्रिय नजर आ रही है।

पीएम मोदी की सभा की तैयारियों की समीक्षा गुरुवार को बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने की। उन्होंने बाइक रैली निकालकर जनसंपर्क किया और लोगों से सभा में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की। इस रैली में भाजपा विधायक व्यास सिंह भी मौजूद रहे, और वे स्वयं अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर स्वास्थ्य मंत्री के साथ शहर का दौरा करते नजर आए।

प्रधानमंत्री की यह रैली राजनीतिक दृष्टिकोण से भी काफी अहम मानी जा रही है। इसमें सीवान, छपरा और गोपालगंज जिलों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। इन जिलों के सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारियों को भी अधिक से अधिक संख्या में समर्थकों के साथ शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। साथ ही, पटना से गोरखपुर तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

सभा के लिए अत्याधुनिक जर्मन तकनीक से बने पांच विशाल पंडाल तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 60 हजार से अधिक लोगों की होगी। गर्मी को देखते हुए जगह-जगह बोरिंग की व्यवस्था की जा रही है ताकि लोगों को पानी की समस्या न हो। इसके अतिरिक्त 200 बायो टॉयलेट भी लगाए जा रहे हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए मुख्य मंच से 250 मीटर पश्चिम में हेलीपैड तैयार किया गया है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हेलीकॉप्टर के लिए अलग से हेलीपैड 400 मीटर उत्तर दिशा में बनाया गया है। पूरे कार्यक्रम स्थल के आसपास 20 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। बड़ी गाड़ियों को पार्किंग स्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर रखा जाएगा, जबकि वीआईपी वाहनों के लिए 500 मीटर की दूरी तय की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन, एसपीजी, एनएसजी सहित सभी केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। ड्रोन से निगरानी, रूट मैनेजमेंट और चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। पूरा इलाका हाई अलर्ट पर है।

इस बीच, पीएम मोदी के इस दौरे पर विपक्ष की ओर से सवाल भी उठने लगे हैं। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने बयान दिया है कि प्रधानमंत्री का बिहार आना स्वागत योग्य है, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज देने की जो बातें उन्होंने पहले कही थीं, उनका क्या हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए बिहार न आएं, बल्कि व्यावहारिक लाभ भी दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *