पीएम मोदी का कल पूर्णिया दौरा : बिहार को 40 हजार करोड़ की देंगे सौगात, एयरपोर्ट से पहली उड़ान और नई रेल सेवाओं की शुरुआत

News Desk Purnea:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर सोमवार यानी कल को बिहार के पूर्णिया से राज्य को विकास की कई बड़ी सौगात देंगे। इस मौके पर वे लगभग 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा सीमांचल और पूरे बिहार के लिए बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि इससे हवाई, रेल, ऊर्जा, सिंचाई और पेयजल जैसी आधारभूत संरचनाओं को मजबूती मिलेगी।

पूर्णिया एयरपोर्ट को नया टर्मिनल, पहली वाणिज्यिक उड़ान

प्रधानमंत्री मोदी पूर्णिया एयरपोर्ट के अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और इसी दिन यहां से पहली वाणिज्यिक उड़ान की शुरुआत भी होगी। इससे सीमांचल के लोगों को देश के विभिन्न हिस्सों तक तेज और सुगम हवाई संपर्क की सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि पूर्णिया एयरपोर्ट राज्य का सबसे बड़ा रनवे वाला हवाई अड्डा है।

नई रेल सेवाओं की सौगात

इस दौरे में पीएम मोदी सीमांचल और आसपास के जिलों को नई रेल सेवाओं का तोहफा देंगे। वे जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस, सहरसा-छेहरटा (अमृतसर) अमृत भारत एक्सप्रेस और जोगबनी-ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही अररिया से गलगलिया (ठाकुरगंज) तक नई रेल लाइन का उद्घाटन और विक्रमशिला से कटारेह तक नई रेल लाइन परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा।

ऊर्जा और सिंचाई क्षेत्र में बड़ी परियोजनाएं

भागलपुर जिले के पीरपैंती में प्रधानमंत्री मोदी 3×800 मेगावाट की थर्मल पावर परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जिसे बिहार की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर माना जा रहा है। इसके साथ ही कोसी-मेची लिंक परियोजना का पहला चरण शुरू होगा, जो उत्तर बिहार में सिंचाई की सुविधा को बेहतर बनाएगा।

पेयजल और नमामि गंगे परियोजनाएं

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे में कटिहार, भागलपुर और दरभंगा जिलों में नई पेयजल योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही भागलपुर और सुपौल जिलों में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत एसटीपी और आई एंड डी कार्य की आधारशिला भी रखी जाएगी।

किसानों और पशुपालकों के लिए सौगात

पूर्णिया में प्रधानमंत्री मोदी सॉर्टेड सीमेन उत्पादन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इस सुविधा से सीमांचल के किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीक से बेहतर नस्ल के पशु तैयार करने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना और एनआरएलएम लाभ

इस दौरे में प्रधानमंत्री मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना के 40,920 लाभार्थियों (35 हजार ग्रामीण और 5,920 शहरी) को गृह प्रवेश का तोहफा देंगे। साथ ही एनआरएलएम के तहत क्लस्टर लेवल फेडरेशनों को सामुदायिक निवेश फंड का वितरण भी करेंगे।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी बिहार आते हैं, वे राज्य के विकास के लिए बड़ी आर्थिक सौगात लाते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2015 में पीएम मोदी ने बिहार को 1.65 लाख करोड़ का विशेष आर्थिक पैकेज दिया था और अब वे फिर से सीमांचल की धरती से विकास को नई उड़ान देने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]