पूर्णिया वंदे भारत हादसे ने लिया नया मोड़, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, सांसद पप्पू यादव ने की निष्पक्ष जांच की मांग

News Desk Purnea:

पूर्णिया में शुक्रवार को हुए वंदे भारत ट्रेन हादसे ने अब एक नया और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। जिस घटना को अब तक एक दुखद रेल दुर्घटना माना जा रहा था, मृतकों के परिजनों ने उसे सुनियोजित हत्या करार दिया है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पूर्णिया के कसबा गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर पांच नाबालिग बच्चे मिले थे, जिनमें चार की मौके पर मौत हो गई जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल पाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया था कि ये सभी बच्चे दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौट रहे थे और इसी दौरान वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।

हालांकि, अब मृतकों के परिजनों ने इस पूरी घटना को हत्या की साजिश बताया है। उनका कहना है कि सभी शव एक ही स्थान पर एकत्र मिले, जबकि अगर यह रेल हादसा होता तो शव अलग-अलग दिशा में बिखरे मिलते। परिजनों ने दावा किया कि बच्चों के शरीर पर घाव और चोटों के निशान तो हैं, लेकिन कटने या ट्रेन से टकराने के कोई स्पष्ट निशान नहीं हैं।

परिजनों ने आगे बताया कि मृतकों को पहले से ही स्थानीय ठेकेदार द्वारा धमकियां दी जा रही थीं और संभवतः उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। इस संबंध में परिजनों ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव से मुलाकात की और अपनी आपबीती बताई।

सांसद पप्पू यादव ने परिवारजनों की बातें गंभीरता से लेते हुए पूर्णिया रेंज के आईजी से फोन पर तत्काल बात की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर है। यदि परिजनों के आरोपों में सच्चाई है तो पुलिस-प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। किसी भी निर्दोष की मौत को दुर्घटना बताकर दबाया नहीं जा सकता।

पप्पू यादव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान प्रत्येक परिवार को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वह इस घटना की सच्चाई सामने आने तक शांत नहीं बैठेंगे।

स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश और आशंका का माहौल है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द जांच पूरी कर दोषियों को सजा दिलानी चाहिए, ताकि ऐसे दर्दनाक घटनाक्रम दोबारा न दोहराए जाएं।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पर स्पष्टता आएगी। लेकिन परिजनों के आरोपों ने इस पूरे प्रकरण को सामान्य रेल हादसे से कहीं अधिक गंभीर और रहस्यमय बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]