बिहार में नई सरकार: शपथ ग्रहण के बाद मंत्रालयों का बंटवारा अंतिम, सम्राट चौधरी बने गृह मंत्री; नीतीश कुमार ने 10वें कार्यकाल की शुरुआत की

News Desk Patna:

बिहार में एनडीए की नई सरकार के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी अंतिम रूप ले लिया गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के बीच करीब आधे घंटे चली बैठक के बाद कैबिनेट में विभागों की पूरी सूची तैयार कर राज्यपाल को सौंप दी गई। इस बार नीतीश कैबिनेट में कई बड़े बदलाव देखे गए हैं, जिनमें सबसे अहम है— कई वर्षों बाद पहली बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह मंत्रालय अपने पास न रखकर यह जिम्मेदारी किसी और को दी है।

सम्राट चौधरी बने नए गृह मंत्री

एनडीए सरकार में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सत्ता में सबसे अहम माने जाने वाला गृह विभाग सौंपा गया है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामान्य प्रशासन सहित कई अन्य विभाग अपने पास रखे हैं।

बिहार कैबिनेट में विभागों का पूरा बंटवारा

डिप्टी सीएम और बीजेपी कोटे

  • सम्राट चौधरी – गृह विभाग
  • विजय कुमार सिन्हा (डिप्टी सीएम) – भूमि एवं राजस्व विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग
  • मंगल पांडे – स्वास्थ्य विभाग, विधि विभाग
  • डॉ. दिलीप जायसवाल – उद्योग विभाग
  • नितिन नवीन – पथ निर्माण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग
  • रामकृपाल यादव – कृषि विभाग
  • संजय टाइगर – श्रम संसाधन विभाग
  • अरुण शंकर प्रसाद – पर्यटन विभाग, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग
  • सुरेंद्र मेहता – पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग
  • नारायण प्रसाद – आपदा प्रबंधन विभाग
  • रमा निषाद – पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग
  • लखेंद्र पासवान – अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण विभाग
  • श्रेयसी सिंह – सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, खेल विभाग
  • प्रमोद चंद्रवंशी – सहकारिता विभाग, पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन विभाग

एनडीए सहयोगी दल

  • LJP(आर) कोटे से – गन्ना उद्योग विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग
  • HAM कोटे से – लघु जल संसाधन विभाग
  • संतोष सुमन – लघु जल संसाधन विभाग (विभाग यथावत)
  • दीपक प्रकाश – पंचायती राज विभाग

जेडीयू कोटे के मंत्री

नीतीश कुमार के साथ शपथ लेने वाले जेडीयू के 8 मंत्रियों को भी प्रमुख विभाग दिए गए हैं। इनमें विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मो. जमा खान, मदन सहनी और डॉ. प्रमोद कुमार शामिल हैं। इनमें विजेंद्र यादव को वित्त विभाग की अहम जिम्मेदारी मिली है।

कैबिनेट की अगली बैठक जल्द

विभागों के बंटवारे के बाद अब नई कैबिनेट की पहली औपचारिक बैठक जल्द बुलाई जाएगी, जिसमें सरकार की प्राथमिकताओं और शुरुआती घोषणाओं पर मुहर लगाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार नए मंत्रियों के अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और जातीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए यह बंटवारा किया गया है।

बिहार की 10वीं बार कमान संभालने वाले नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। उन्होंने पहली बार नवंबर 2005 में पद संभाला था। इसके बाद वे 2010, 2015 (दो बार), 2017, 2020, 2022 (दो बार), 2024 और अब 2025 में फिर से मुख्यमंत्री बने हैं। वे बिहार के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहने वाले नेताओं में शामिल हो चुके हैं।

चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत

हाल में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 243 में से 202 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया। वहीं महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों तक सिमट गया। इस प्रचंड जनादेश के बाद एनडीए ने रिकॉर्ड बहुमत के साथ सरकार बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]