मनीष कश्यप ने थामा जन सुराज का दामन, प्रशांत किशोर ने किया स्वागत

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार के चर्चित यूट्यूबर और राजनेता मनीष कश्यप की सियासी भविष्य को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। मनीष कश्यप ने शनिवार को राजधानी पटना स्थित बापू भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में औपचारिक रूप से जन सुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। कार्यक्रम में खुद जन सुराज के सूत्रधार और चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर की मौजूदगी में मनीष कश्यप को पार्टी में शामिल कराया गया।

प्रशांत किशोर ने जन सुराज के डिजिटल योद्धा समागम कार्यक्रम के दौरान मनीष कश्यप का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की चाहत रखने वाले सभी लोगों को एकजुट होकर जन सुराज के मंच से जुड़ना चाहिए।

मनीष कश्यप ने इस मौके पर कहा कि वे बिहार के विकास और सुशासन के लिए जन सुराज के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने हाल ही में प्रशांत किशोर से मुलाकात कर उन्हें संविधान की प्रति भेंट की थी, जिसके बाद से उनके जन सुराज में जाने की चर्चा और तेज हो गई थी।

गौरतलब है कि मनीष कश्यप ने पिछले महीने 8 जून को फेसबुक लाइव के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफे का ऐलान किया था। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि अब वे भाजपा के सक्रिय सदस्य नहीं हैं। मनीष पिछले साल लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन हालिया राजनीतिक परिस्थितियों में उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ दिया।

भाजपा छोड़ने के बाद से ही मनीष कश्यप के अगले कदम को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। उनके सोशल मीडिया पोस्ट में पीले रंग का बढ़ता इस्तेमाल और पीला गमछा लेने की उनकी नई पहचान ने इस अटकल को और बल दिया कि वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का हाथ थाम सकते हैं।

शनिवार को मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी कई तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें वे प्रशांत किशोर और जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह के साथ नजर आ रहे थे। हालांकि अपनी पोस्ट में उन्होंने जन सुराज पार्टी का नाम या डिजिटल योद्धा समागम का सीधा जिक्र नहीं किया था, लेकिन अब उनकी औपचारिक सदस्यता से तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है।

प्रशांत किशोर ने मंच से मनीष कश्यप का स्वागत करते हुए भरोसा जताया कि उनकी सक्रिय भागीदारी से बिहार में बदलाव की मुहिम को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]