समस्तीपुर से पीएम मोदी का मिथिला प्रेम का संदेश, बोले, माता सीता की भाषा मैथिली में होगा संविधान का अनुवाद, एनडीए के सुशासन और विकास मॉडल पर बोला भरोसा

News Desk Samastipur:

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को समस्तीपुर के दुधपुरा मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मिथिलांचल की जनता से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत मैथिली में की — “हम हृदय से प्रणाम करियछी”। प्रधानमंत्री ने मिथिला की सांस्कृतिक अस्मिता, आस्था और जनभावना को जोड़ते हुए कहा कि “जिस मिथिला के पाहुन खुद भगवान श्रीराम हैं, उसी राम की गूंज आज अयोध्या में सुनाई दे रही है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि माता सीता की भाषा मैथिली को सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार ने संविधान का मैथिली भाषा में अनुवाद कराने की पहल की है। उन्होंने कहा, “यह माता सीता के प्रति हमारी श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है।” मंच से उन्होंने यह भी घोषणा की कि पुनौरा धाम में माता सीता का भव्य मंदिर जल्द पूरा होगा, जिससे मिथिला के लोगों की वर्षों पुरानी आस्था साकार रूप लेगी।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने मिथिला और अयोध्या के आध्यात्मिक संबंध को रेखांकित करते हुए कहा, “मिथिला को गर्व है कि उसके पाहुन खुद भगवान श्रीराम हैं। जब अयोध्या में राम मंदिर बना, तो पूरा मिथिला उत्सव में डूब गया।” उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर परिसर में निषाद राज और वाल्मीकि के मंदिर भी बनाए जा रहे हैं, जिससे समाज के हर वर्ग की श्रद्धा को सम्मान मिल सके।

प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए सरकार उनके आदर्शों पर चल रही है। उन्होंने कहा, “जननायक कर्पूरी ठाकुर गरीबों के मसीहा थे, और एनडीए सरकार उनकी विचारधारा को सुशासन का आधार मानकर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अति पिछड़ों के उत्थान के लिए समर्पित है।”

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने गरीबों को पक्का घर, मुफ्त अनाज, मुफ्त इलाज, शौचालय, नल का जल और सम्मानजनक जीवन देने का काम किया है। “क्या यह गरीबों की सेवा नहीं है?” उन्होंने पूछा, जिस पर भीड़ ने जोरदार समर्थन किया।

लालू परिवार पर तीखा हमला

पीएम मोदी ने अपने भाषण में राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “लालू परिवार को आपने देखा है, यह लोग घोटालों में जमानत पर हैं। इन्होंने तो जननायक की उपाधि भी चोरी कर ली है। बिहार की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी।” उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस ने दस साल तक बिहार का विकास रोक दिया। “राजद वाले कांग्रेस को धमकाते थे कि अगर नीतीश कुमार की बात मानी गई या बिहार में कोई प्रोजेक्ट शुरू हुआ तो हम समर्थन वापस ले लेंगे। यही कारण था कि यूपीए सरकार ने बिहार को नुकसान पहुंचाया।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2005 के अक्टूबर महीने में ही बिहार ने जंगलराज से मुक्ति पाई थी, और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने सुशासन का दौर शुरू किया था। उन्होंने कहा कि आज बिहार का कोई ऐसा कोना नहीं है जहाँ विकास कार्य नहीं हो रहे हों।

मोबाइल की रोशनी से “लालटेन” पर प्रहार

सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाने को कहा। जैसे ही हजारों मोबाइल की रोशनी फैली, पीएम मोदी ने मुस्कराते हुए पूछा — “जब इतनी लाइटें हैं तो आपको लालटेन की जरूरत है क्या?” उन्होंने कहा कि अब बिहार में लालटेन का युग खत्म हो गया है। आज भारत दुनिया में सबसे सस्ता इंटरनेट प्रदान करने वाला देश है। “एक कप चाय जितनी कीमत में एक जीबी डेटा मिलता है। बिहार के युवा आज इंटरनेट से अच्छी कमाई कर रहे हैं।”

किसानों और महिलाओं को लेकर बड़ी बातें

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार अब खेती, मछलीपालन और पशुपालन में आत्मनिर्भर हो रहा है। “पहले बिहार को दूसरे राज्यों से मछली मंगवानी पड़ती थी, लेकिन आज बिहार दूसरे राज्यों को मछली भेजता है।” उन्होंने कहा कि पहले छोटे किसानों को बैंक से ऋण नहीं मिलता था, लेकिन एनडीए सरकार ने बैंकों के दरवाजे किसानों के लिए खोल दिए। किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक बिहार के किसानों के खातों में ₹28,000 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं।

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं अपने उद्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं। “14 नवंबर के बाद जब फिर एनडीए सरकार बनेगी, तो गरीब महिलाओं को रोजगार के लिए और अधिक सहायता दी जाएगी।”

राजद-कांग्रेस को चेतावनी और कार्यकर्ताओं को संदेश

राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, “यह लोग केवल अपने परिवार की चिंता करते हैं, बिहार के भविष्य की नहीं। ये रोज झूठ बोलते हैं, लेकिन बिहार आर्यभट्ट की धरती है — यहां का युवा गणित जानता है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष की बदनियत से जनता को सावधान रहना होगा।

सभा के अंत में पीएम मोदी ने एनडीए कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को बूथ-बूथ पर एकजुट होकर काम करना है। भाजपा, जदयू, लोजपा, हम और रालोमो — सभी एक मंच पर हैं। इस बार बिहार में एनडीए को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश मिलेगा।”

उन्होंने कहा, “पहले मतदान, फिर जलपान” — यह नारा याद रखना है। “इस बार हमें मतदान का नया रिकॉर्ड बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]