सुपौल: अलग-अलग घटनाओं में तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के कुनौली और करजाईन थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

पहली घटना कुनौली थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 की है, जहां मंगलवार की दोपहर लगभग 3 बजे 8 वर्षीय गौरव कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। गौरव कुमार रिटायर्ड चौकीदार रामगुलाम राय के पौत्र और अनिल राय के बेटे थे। बताया जा रहा है कि घर के पास ही स्थित एक पोखर में खेलते वक्त वह अचानक डूब गया। परिवारजनों ने जब गौरव को नहीं देखा, तो उसकी खोज शुरू की और उसे पोखर से निकाला। आनन-फानन में उसे कुनौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद गौरव के परिवार में मातम का माहौल है।

दूसरी घटना करजाईन थाना क्षेत्र के बौराहा पंचायत के वार्ड संख्या 01 में सोमवार शाम को घटी। पदुमनगर गांव निवासी रंजीत कुमार ठाकुर का 4 वर्षीय पुत्र बसंत कुमार घर के पास स्थित तालाब के पास खेलते वक्त डूब गया। काफी देर तक परिजनों ने उसे खोजा और ग्रामीणों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद उसके शव को तालाब से बाहर निकाला गया।

सूचना मिलने पर करजाईन थानाध्यक्ष लालजी प्रसाद मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। बसंत अपने तीन बहनों का इकलौता भाई था और परिवार का सबसे छोटा सदस्य था, जिसके कारण उसके माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।

वहीं कुनौली थानाध्यक्ष दयानंद महतो ने बताया कि गौरव की पोखर में डूबने से मौत हुई है और प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी। निर्मली सीओ विजय प्रताप सिंह ने कहा कि जांच के बाद सरकारी योजनाओं के तहत मृतकों के परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *