सुपौल: करजाईन में दर्दनाक हादसा, दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत, परिजनों में पसरा मातम

News Desk Supaul:

जिले के करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के सामने खेलते-खेलते पोखर में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

मृत बच्चियों की पहचान सीतापुर निवासी सुरेश मेहता की 13 वर्षीय पुत्री प्रीति प्रिया और राजेश कुमार मेहता की 10 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में की गई है। दोनों बच्चियां आपस में रिश्तेदार थीं और एक ही मोहल्ले में रहती थीं।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार को दोपहर के समय प्रीति प्रिया और खुशबू कुमारी अपने घर के सामने स्थित पोखर के किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों बच्चियां पोखर में गिर गईं। पोखर गहरा होने के कारण दोनों बच्चियां पानी में डूबती चली गईं।

परिजन सुरेश मेहता ने बताया कि काफी देर तक जब दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी खोजबीन शुरू की गई। आसपास तलाश करने के बाद जब पोखर के पास पहुंचे और पानी में खोजबीन की गई, तब तक दोनों बच्चियां डूब चुकी थीं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें पोखर से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों बच्चियों को लेकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव द्विवेदी ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

परिजन सुरेश मेहता ने रोते-बिलखते हुए बताया कि प्रीति प्रिया उनकी इकलौती बेटी थी, जबकि खुशबू कुमारी उनके बड़े भाई की पुत्री थी। एक साथ दो-दो बच्चियों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

गांव में मातम का माहौल

इधर, एक ही मोहल्ले की दो बच्चियों की एक साथ मौत से पूरे सीतापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, हर आंख नम है। परिजनों के घर सांत्वना देने वालों की भीड़ जुटी हुई है। मासूम बच्चियों की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही करजाईन थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। इस संबंध में करजाईन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]