सुपौल के पूर्वी तटबंध का एसडीओ ने किया निरीक्षण, नेपाल में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सभी कर्मियों को अलर्ट पर रहने का निर्देश

News Desk Supaul:

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए संभावित बाढ़ के खतरे को ध्यान में रखकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुपौल सदर इंद्रवीर कुमार ने शनिवार को सुपौल के पूर्वी तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तटबंधों की स्थिति, स्पर पर किए गए कार्यों और पिछले वर्ष आए कटाव के बाद किए गए पुनर्स्थापना कार्यों का भी बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने उपस्थित अभियंताओं, पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि नेपाल क्षेत्र में अधिक वर्षा होने की स्थिति में किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए वे अपने-अपने स्थानों पर मुस्तैद रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में तटबंध की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसडीओ इंद्रवीर कुमार ने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं से तटबंध की मौजूदा स्थिति, बाढ़ से बचाव के लिए किए गए तैयारियों और कटावरोधी सामग्रियों की उपलब्धता के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

अभियंताओं ने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा गत वर्ष तटबंध और स्पर पर व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है, जिससे वर्तमान में तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।

फिर भी सतर्कता बरतते हुए विभाग द्वारा विभिन्न स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में बालू भरे बोरे, बोल्डर, पॉलीथिन शीट और अन्य कटावरोधी सामग्री का भंडारण कर लिया गया है। इसके अलावा मजदूरों और अभियंताओं को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्य किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने सभी पदाधिकारियों को लगातार निगरानी रखने, तटबंध की नियमित पेट्रोलिंग करने और किसी भी प्रकार की क्षति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए।

उन्होंने तटबंध के अंदर रहने वाले ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि यदि जलस्तर बढ़ने लगे तो लोग पूर्व में ही सुरक्षित स्थानों पर शरण लें ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता राहुल कुमार, कनीय अभियंता सहित जल संसाधन विभाग के अन्य कर्मी भी उपस्थित थे। एसडीओ ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और बाढ़ नियंत्रण को लेकर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है ताकि किसी भी स्थिति में आमजन को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]