सुपौल: छातापुर में ग्रामीणों ने पकड़ा मवेशी लदा ट्रक, अवैध तस्करी की आशंका

News Desk Supaul:

जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र के जीवछपुर के समीप शुक्रवार को भीमपुर-जदिया मुख्य मार्ग पर एक संदिग्ध ट्रक को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया। बताया जाता है कि यह ट्रक मवेशियों से भरा हुआ था और तेज रफ्तार से गुजरते समय एक बकरी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ने वाहन की गति और तेज कर दी तथा भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता से ट्रक को पकड़ लिया गया।

ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना भीमपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर उसमें लदे मवेशियों को सुरक्षित उतारा। पुलिस ने चालक से प्रारंभिक पूछताछ शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रक में अवैध तरीके से मवेशियों की ढुलाई की जा रही थी और पशु तस्करी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा भी स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले को गंभीरता से लेकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क पर जमी भीड़ को हटवाकर जाम की स्थिति को समाप्त कर यातायात को बहाल करवाया।

फिलहाल पुलिस ने ट्रक और उसमें लदे मवेशियों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *