सुपौल: छातापुर में प्रशासन-पुलिस का संयुक्त फ्लैग मार्च, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर कसी कमर

News Desk Supaul:

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सुपौल जिला प्रशासन और पुलिस के द्वारा बुधवार को छातापुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने संयुक्त रूप से किया।

फ्लैग मार्च छातापुर बाजार, प्रमुख सड़कों और विभिन्न संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च में अंचलाधिकारी छातापुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष छातापुर, सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारी एवं जवान सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार प्रशासन पूरी तरह सजग और सक्रिय है। फ्लैग मार्च का मकसद मतदाताओं में विश्वास बढ़ाना और असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम मतदाताओं से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की।

वहीं, पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बताया कि जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना या शांति भंग की कोशिश पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल हर समय अलर्ट पर हैं और मतदान के दिन पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि लोग निडर होकर मतदान केंद्र तक जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]