सुपौल जिले की पांचों सीटों पर अब 48 उम्मीदवार मैदान में, डीएम-एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी चुनावी तैयारियों की जानकारी

News Desk Supaul:

बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के तहत सुपौल जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों—41 निर्मली, 42 पिपरा, 43 सुपौल, 44 त्रिवेणीगंज (अ.जा.) तथा 45 छातापुर—में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके साथ ही अब जिले में कुल 48 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में कुल 57 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान आठ अभ्यर्थियों के नामांकन निरस्त कर दिए गए थे। वहीं नाम वापसी की अंतिम तिथि तक पिपरा विधानसभा क्षेत्र से एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद पांचों विधानसभाओं में कुल 48 प्रत्याशी अब चुनाव लड़ेंगे।

जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सरथ आर.एस. ने गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी साझा की। डीएम ने बताया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अब क्रमशः—निर्मली से 8, पिपरा से 13, सुपौल से 9, त्रिवेणीगंज (अ.जा.) से 5 और छातापुर से 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव की तैयारी पूरी गति से चल रही है। जिला प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सरथ आर.एस. ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर ली गई है। वहां केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ जिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मतदाताओं में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए नियमित फ्लैग मार्च, वाहन जांच और रात्रि गश्ती की व्यवस्था भी की गई है।

गौरतलब है कि सुपौल जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होना है। मतदान 11 नवंबर 2025 को और मतगणना 14 नवंबर 2025 को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]