सुपौल: त्रिवेणीगंज के नाम ऐतिहासिक दिन — पहली बार दौड़ी ट्रेन, सांसद दिलेश्वर कामैत ने दिखाई हरी झंडी, खुशियों में झूमे लोग

News Desk Supaul:

शनिवार का दिन त्रिवेणीगंज वासियों के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार आज त्रिवेणीगंज रेलवे स्टेशन से पहली बार ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ। स्टेशन परिसर में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने तालियों व नारों के बीच इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया।

ट्रेन को सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी और आम नागरिक मौजूद रहे।

सांसद श्री कामैत ने कहा कि यह दिन त्रिवेणीगंज के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। अब इस इलाके का संपर्क सीधे रेल नेटवर्क से हो गया है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान लोगों में उत्साह देखने लायक था। स्टेशन परिसर में सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। जब ट्रेन ने सीटी दी और प्लेटफॉर्म से रवाना हुई तो उपस्थित लोगों ने “त्रिवेणीगंज जिंदाबाद” और “रेल मंत्री जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गुंजा दिया।

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुपौल–अररिया नई रेल लाइन परियोजना के तहत यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। पहले से ही सुपौल से पिपरा के बीच रेल सेवा शुरू की जा चुकी थी, जबकि आज से पिपरा से त्रिवेणीगंज तक नई लाइन पर ट्रेन का विधिवत परिचालन प्रारंभ हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]