सुपौल: देवीपुर में खिड़की तोड़ घर में घुसे चोर, नकदी व चांदी के आभूषण लेकर फरार

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीपुर पंचायत के कोरियापट्टी वार्ड संख्या-7 में सोमवार की देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर की खिड़की का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

टूटी खिड़की

घटना के संबंध में गृहस्वामी बिनोद पासवान ने बताया कि सोमवार की रात वे अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो गए थे। मंगलवार की सुबह जब वे शौच के लिए बाहर निकले तो घर से कुछ दूरी पर बाँसबारी स्थित गेहूं के खेत में तीन बक्से पड़े दिखाई दिए। पास जाकर देखने पर पाया कि बक्सों का सारा सामान बिखरा और क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा है। जांच करने पर उन्हें समझ में आया कि ये सभी बक्से उन्हीं के घर के हैं।

बाँसबारी में बिखरा सामान

इसके बाद जब वे घर लौटे तो देखा कि जिस कमरे में वे सोए थे, उसके बगल वाले कमरे की खिड़की का वेंटिलेटर पूरी तरह से उखड़ा हुआ है। कमरे को खोलकर देखने पर पता चला कि वहां रखा बक्सा गायब है और ट्रंक का ताला टूटा हुआ है। चोरों ने बक्से में रखे आठ भरी चांदी के चेन, दस भरी चांदी की पायल, दस भरी चांदी का गले का टेरकक्ष (हार) तथा लगभग 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद पीड़ित परिवार द्वारा डायल 112 और राघोपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की।

वहीं इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पीड़ित परिजन द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]