सुपौल : धरहरा भीमशंकर मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क का जर्जर पुल बना खतरे का कारण, सावन में लाखों भक्तों की जान जोखिम में

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज बाजार से धरहरा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर महादेव मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर गम्हरिया उपशाखा नहर पर बना पुल पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इस पुल की हालत इतनी खराब हो गई है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

यह सड़क न केवल धरहरा गांव के लोगों के लिए बल्कि धार्मिक दृष्टिकोण से भी बेहद महत्वपूर्ण है। सावन महीने के दौरान लाखों श्रद्धालु इस रास्ते से बाबा भीमशंकर मंदिर जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। खासकर सावन के सोमवार और रविवार को इस मार्ग पर भारी भीड़ उमड़ती है। पुल की जर्जर स्थिति और संकीर्णता के कारण इस स्थान पर घंटों लंबा जाम लग जाता है, जिससे न केवल आमजन बल्कि एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पुल वर्ष 1964 में बना था और तब से अब तक इसकी कोई भी समुचित मरम्मत नहीं हुई है। समय के साथ पुल की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती गई। फिलहाल पुल की रेलिंग पूरी तरह से टूट चुकी है और पुल के नीचे का ढांचा भी कमजोर हो चुका है।

ग्रामीणों के अनुसार कुछ माह पूर्व इसी पुल पर एक वाहन दुर्घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पुल इतना संकरा है कि एक समय में केवल एक ही वाहन गुजर सकता है।

धरहरा पंचायत के वार्ड संख्या 9 और 10 के निवासियों ने बताया कि कई बार इस पुल की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। अब सावन का पावन महीना शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में लाखों की संख्या में कांवरिया और श्रद्धालु इस रास्ते से मंदिर पहुंचेंगे। ऐसे में इस पुल की खस्ताहाल स्थिति एक बड़े हादसे को न्योता दे रही है।

ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस पुल का निरीक्षण कर मरम्मत या नया पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से बाबा भीमशंकर मंदिर पहुंच सकें और कोई अप्रिय घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]